मथुरा-वृन्दावन में 4-लेन मार्ग, क्रूज संचालन समेत कई परियोजनाओं को मंजूरी
लखनऊ: 07 मार्च, 2026
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रज क्षेत्र भारत की आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रदेश सरकार यहाँ की परंपरा और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। तीर्थ स्थलों के संरक्षण के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आधारभूत ढांचे के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री आज वृन्दावन स्थित गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी परिसर में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की अष्टम बोर्ड बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में लगभग 300 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास, तीर्थ स्थलों के संरक्षण तथा श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में मथुरा-वृन्दावन रेल मार्ग के 11.80 किलोमीटर लंबे ट्रैक को 4-लेन मार्ग में विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, ब्रज तीर्थ विकास परिषद तथा जिला प्रशासन को रेलवे विभाग से समन्वय स्थापित कर भूमि संबंधित आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने पॉड रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की व्यवहारिकता का अध्ययन करने तथा ब्रज की प्रसिद्ध 84 कोस परिक्रमा मार्ग के विकास के लिए कार्ययोजना तेजी से लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक में गोवर्धन, मथुरा और वृन्दावन में पार्किंग, टीपीओ तथा अन्य जनसुविधाओं को पीपीपी मॉडल के तहत विकसित करने का निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने छाता क्षेत्र के ग्राम अजीजपुर में प्रस्तावित वॉटर म्यूजियम के लिए चिन्हित भूमि को सिंचाई विभाग से परिषद को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने ब्रज क्षेत्र में 36 वनों के ईको-रेस्टोरेशन प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए आगामी वर्षा ऋतु में वन महोत्सव के दौरान व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। बैठक में यमुना रिवरफ्रंट परियोजना के अंतर्गत मथुरा से वृन्दावन के बीच जलमार्ग विकसित कर पीपीपी मॉडल पर क्रूज और नौका संचालन शुरू करने की योजना पर भी सहमति बनी।
मुख्यमंत्री ने परिषद की वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए बजट स्वीकृत करते हुए कहा कि अनुमोदित परियोजनाओं के बजट में किसी प्रकार की कटौती न की जाए और उन्हें शीघ्र धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने जल निगम और नगर निगम द्वारा एसटीपी, एसपीएस तथा पंपिंग स्टेशन के निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कर यमुना नदी में प्रदूषण कम करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के डोनेशन मैनेजमेंट डिजिटल सिस्टम का शुभारंभ किया।
मथुरा भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर में दर्शन-पूजन किया और श्रद्धालुओं के साथ फूलों की होली खेली। उन्होंने गीता शोध संस्थान के निर्माणाधीन स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का निरीक्षण किया तथा अन्नपूर्णा भवन की पाकशाला का अवलोकन किया।

